
जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर करीब 7 माह की शांति के बाद एक बार फिर से हलचल दिखाई देने लगी. इसकी बड़ी वजह है सुबह-सुबह यात्रियों को ले जाने वाली टाटानगर हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन एक बार फिर से दौड़ने लगी है. करीब 7 माह के बाद स्टील एक्सप्रेस टाटानगर स्टेशन से गंतव्य की ओर रवाना हुई. यात्रियों की संख्या भी कम नहीं थी.

काफी संख्या में यात्री इस पर यात्रा किए, जिसमे 334 कुल यात्री शामिल थे. इसमे से 288 सेकंड क्लास जबकि 37 जनरल और 9 तत्काल टिकट लेकर गए. कोविड-19 के मद्देनजर लगाए गए लॉकडाउन में रेलवे ने ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया था. सात माह बाद टाटानगर स्टेशन से टाटा-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस का परिचालन एक बार फिर से शुरु हुई. शुक्रवार से यह ट्रेन रोजाना अपने पुराने समय (6.15) से चलेगी.
इसके साथ ही रांची से चलकर हावड़ा जाने वाली रांची-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस का भी ठहराव टाटानगर स्टेशन में होगा. वहीं टाटा से चलकर यशवंतपुर जाने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस का भी परिचालन 23 अक्टूबर से शुरु होने जा रहा है. फिलहाल रेलवे द्वारा बिहार के लिए ट्रेनों का परिचालन नहीं किया जा रहा है. हालांकि त्योहारी सीजन को देखते हुए रेलवे इस पर विचार कर रही है. रेलवे ने त्योहारी सीजन को देखते हुए 23 अक्टूबर से टाटा-यशवंतपुर का भी परिचालन शुरु कर दिया है. यह ट्रेन हर शुक्रवार को शाम 6.35 में टाटानगर स्टेशन से खुलेगी.

जाने किस दिन और किस समय चलेगी ट्रेन
टाटा-हावड़ा-टाटा (02829/02830) स्टील फैस्टिव स्पेशल ट्रेन 16 अक्टूबर से चलेगी. यह ट्रेन सुबह 6.15 में टाटानगर स्टेशन से खुलेगी और 10.25 बजे हावड़ा स्टेशन पहुंचेगी. वापसी में यह ट्रेन हावड़ा से शाम 5.30 बजे खुलेगी और रात 9.30 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचेगी. इस ट्रेन का ठहराव राखा माइंस, घाटशिला. चकुलिया, झाड़ग्राम, सारडिहा, खड़गपुर और संतरागाछी में होगा. इसके अलावा रांची-हावड़ा-रांची का भी परिचालन 17 अक्टूबर से किया जा रहा है. यह ट्रेन रांची से 16 अक्टूबर की रात 9.30 बजे खुलेगी जो कि देर रात 1.25 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचेगी. पांच मिनट ठहराव के बाद यह ट्रेन 1.30 बजे हावड़ा के लिए रवाना हो जाएगी. वापसी में यह ट्रेन हावड़ा स्टेशन से रात 10.10 बजे खुलेगी औऱ रात 1.40 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचेगी. 1.45 में यह ट्रेन रांची के लिए रवाना हो जाएगी.















