
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित दाईगुट्टू के तेली लाइन के पास शुक्रवार की सुबह दो गुटों में हुए हिंसक झड़प के बाद चाकू के वार से एक युवक की हत्या कर दी गई जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है. जमीन विवाद को लेकर यह घटना हुई है, ऐसा बताया जा रहा है. मौके पर पुलिस पहुंच चुकी है और आरोपियों की तलाश कर रही है. पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उत्तम कुमार का पारिवारिक संपत्ति को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था. गुरुवार की रात को उसके रिश्तेदार के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी जिसके फलस्वरूप शुक्रवार को रिश्तेदारों ने बाहर खड़े उत्तम कुमार पर चाकू से हमला कर दिया. उसको बचाने आने वाले युवक को घायल कर दिया और आराम से वहां से निकल गए.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. अब तक पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं उपलब्ध कराई गईं हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायल का एमजीएम अस्पताल ले जाया गया है. इस घटना को लेकर क्षेत्र में लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है.







