नेपीडा : म्यांमार और थाईलैंड में शुक्रवार दोपहर आए शक्तिशाली भूकंप से जानमाल का भारी नुकसान हुआ है. समाचार लिखे जाने तक भूकंप से दोनों देशों में अब तक 59 लोगों की मौत होने की पुष्टि हो चुकी है और 250 से अधिक लोग जख्मी हुए हैं. जानकारी के अनुसार कुछ ही देर के अंदर भूकंप के दो तेज झटके आये. पहले भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.7 आंकी गई, जबकि इसके करीब 12 मिनट बाद आये दूसरे भूकंप की तीव्रता 6.4 दर्ज की गई. म्यांमार के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले के पास भूकंप का झटका आया. बता दें कि मांडले में दस लाख से ज्यादा लोग रहते हैं. इस क्षेत्र में गृह युद्ध चल रहा है और कई जगहों पर इंटरनेट नहीं है. इसलिए नुकसान का पता लगाना मुश्किल है. (नीचे भी पढ़ें)

यूएलजीएस ने म्यांमार में आये भूकंप को लेकर कहा है कि सागिंग शहर से 16 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में भूकंप आया. दोपहर 12:50 बजे आये भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.7 आंकी गई. हाल के दिनों में यह सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक रहा. 7.7 की तीव्रता के झटके के 12 मिनट बाद दोबारा 6.4 तीव्रता का एक और झटका आया. इसे आफ्टरशॉक कहते हैं. ये आफ्टरशॉक भूकंप के बाद आते हैं. आफ्टरशॉक से भी भारी नुकसान का अंदेशा है. बताया गया कि मांडले शहर में आए भूकंप से एक मस्जिद और यूनिवर्सिटी पूरी तरह से ढह कर मलबे के ढेर में तब्दील हो गएय. इन दोनों जगहों पर 25 लोगों के मलबे में दब जाने की जानकारी सामने आई है. (नीचे भी पढ़ें)

मांडले में भूकंप के बाद एयरपोर्ट पर यात्री इधर-उधर भागते और खुद को बचाते देखे गए. यहां कई इमारतें गिर गईं. मांडले एक बड़ा व्यापारिक केंद्र है, जहां कई ऐतिहासिक मठ भी हैं, जो म्यांमार के बौद्ध धर्म के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं. थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने बैंकॉक को इमरजेंसी जोन घोषित कर दिया है. सरकार ने कहा है कि अगले 24 घंटों में और झटके आ सकते हैं. लोगों को ऊंची इमारतों से दूर रहने और लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई है. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि भूकंप से बैंकॉक के चाटुचाक पार्क इलाके में एक बड़ी इमारत कुछ ही सेकंड में धराशाई हो गई. इससे एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि इस हादसे में 50 लोगों के घायल होने की भी सूचना है. मलबे में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है. उधर चीन के युन्नान और गुआंग्शी प्रांतों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. यह प्रांत म्यांमार के पास है. भूकंप का असर गोल्डन ट्रायंगल इलाके में भी हुआ है. इस इलाके में म्यांमार, थाईलैंड और लाओस के कुछ हिस्से आते हैं. म्यांमार की सैन्य सरकार ने राजधानी नेपीता और मांडले सहित छह क्षेत्रों और राज्यों में आपातकाल की घोषणा कर दी है. देश में लंबे समय से चल रहे गृहयुद्ध के कारण यह स्पष्ट नहीं है कि प्रभावित क्षेत्रों में मदद कैसे पहुंचेगी.














