
जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक (यूजी) दूसरे व पांचवे सेमेस्टर के रिजल्ट की घोषणा की गयी है, जिसे देखने के बाद ऐसा लग रहा है कि कोल्हान यूनिवर्सिटी नवसिखिया यूनिवर्सिटी की तरह कार्य कर रही है. यह कहना है कि छात्र आजसू के कोल्हान अध्यक्ष हेमंत पाठक का. रिजल्ट के मसले को लेकर छात्र आजसू का एक प्रतिनिधिमंडल जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के प्राचार्य से मिला. इस दौरान संगठन की ओर से कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति के नाम एक ज्ञापन प्रचार्य को सौंपा गया. हेमंत पाठक ने कहा है कि जब राज्य सरकार ने यह निर्देश दिया कि इस कोरोना संकट को देखते हुए एग्जाम न लिया जाये ओर कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाये, तो सरकार, यूजीसी और कोल्हान यूनिवर्सिटी के बीच क्लियर संवाद नहीं होने के कारण कुछ छात्रों को पास ओर लगभग एक तिहाई छात्रों को प्रमोट कर दिया गया है. एक तो छात्र इस महामारी के कारण मानसिक दबाव में है ओर ऊपर से इस तरह का परिणाम छात्रों की मानसिक स्थिति को और खराब कर देगा. आखिर किस आधार पर छात्रों को प्रमोट किया गया है. इस गड़बड़ी के लिए कॉलेज, शिक्षक-शिक्षिकाओं व विश्वविद्यालय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए आजसू नेताओं ने 24 घंटे के अंदर संशोधित रिजल्ट प्रकाशित करने की मांग की. साथ ही कहा कि ऐसा नहीं हुआ, तो छात्र आजसू सड़क पर उतर कर आंदोलन करने को बाध्य होगा.







