
जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत हलुदबनी के बागान टोला आदिवासी हो समुदाय के जोहर देवा (देसाउली ) वीरसिंह ओमोंग के घर के पीछे लतरसाईं स्थान में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने के संबंध में आदिवासी हो समाज ने अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है. ग्राम वासियों का कहना है कि हमारे देवाउली (जहारे ) में विगत 30 वर्षों से हमारे समुदाय के लोग बाहा पूजा करते आ रहे हैं, ताकि समुदाय की समृद्धि बनी रहे. सर्वविदित है कि जिस स्थान पर हम पूजा-अर्चना करते हैं वहां देवी-देवताओं की बात होता है. वह स्थान हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा है, किंतु व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए कुछ लोग इस पवित्र स्थान का अवैध रूप से कब्जा एवं अतिक्रमण कर रहे हैं. ज्ञापन में कहा गया है कि आदिवासी हो समाज की ओर से पूर्व में भी विगत 04 फरवरी 2017 को इस संबंध में अनुमंडलाधिकारी को अवगत करते हुए एवं अंचल अधिकारी जमशेदपुर को 07 फरवरी 2017 उसी दिन परसुडीह थाना को उक्त घटना का आवेदन दिया था. लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी. जमीन का सत्यापन 30 फरवरी 2017 को अंचल जमशेदपुर के द्वारा ट्रेस कॉपी के माध्यम से दिया गया एवं इसकी सूचना हम लोगों ने उक्त पंचायत मुखिया पानो मुर्मू को भी दी किंतु लगातार अतिक्रमण हो रहा है. ज्ञापन सौंपने वालों में बागान टोला समाज सेवक रामचंद्र तियु, माझी बाबा, खुदीराम हेमरोम, रैना पूर्ति, भरत सिंह समेत अन्य लोग शामिल थे.















