जमशेदपुर : बिष्टुपुर थानांतर्गत धातकीडीह कुरैशी मुहल्ला में रविवार, 3 मई को हुई फायरिंग के मामले में पकड़ाये मो इमरान उर्फ गोरे एवं महफूज आलम के पास से पुलिस ने एक देसी ऑटोमेटिक पिस्टल, 7.65 की एक जिंदा गोली एवं एक खोखा एवं बिना नंबर प्लेट लगी एक होंडा बाइक बरामद की है. पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शहर छोड़ कर भाग रहे थे तभी गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें दबोच लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि रविवार को धातकीडीह कुरैशी मोहल्ला निवासी सरफराज कुरैशी उर्फ गामा पर बाइक सवार दो अपराधियों ने फायरिंग की थी. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों वहां से फरार हो गए थे. वादी सरफराज उर्फ गामा ने घटना के संबंध में बिष्टुपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू की. इसी बीच पुलिस को इस वारदात में शामिल दोनों अपराधियों के शहर छोड़ कर भागने की कोशिश करने की गुप्त सूचना मिली. इसके बाद बिष्टुपुर पुलिस ने त्वरित सक्रियता दिखाते हुए दोनों को धर दबोचा. दोनों की तलाशी लेने के क्रम में उनके पास से देसी पिस्टल एवं अन्य सामान बरामद हुए. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिसिया पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि सरफराज की धातकीडीह के ही रहने वाले इमरान उर्फ गोरे से पूर्व से ही दुश्मनी चली आ रही थी. रविवार सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद गोले आजादनगर चला गया, जहां से आग्नेयास्त्र लाकर उसने हत्या की नीयत से सरफराज पर फायरिंग कर दी. पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इमरान उर्फ गोरे पर पहले से भी दस मामले दर्ज हैं तथा वह अभी एक महीने पहले ही बेल पर छूट कर आया था. पुलिस ने पकड़ाये दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.







