जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान मढ़नाबेड़ा गांव निवासी कुमार देवक के रूप में हुई है. घटना रविवार की बताई जा रही है, जब वह ट्रैक्टर लेकर खेती के काम के लिए खेत की ओर जा रहा था. जानकारी के अनुसार, जिस रास्ते से वह गुजर रहा था, उसकी स्थिति काफी जर्जर थी. सड़क पर गड्ढों और असमतल सतह के कारण ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते वाहन पलट गया.(नीचे भी पढ़े)

हादसे में कुमार देवक ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी और स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया.घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसकी स्थिति का परीक्षण किया, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया. (नीचे भी पढ़े)
इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई. सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का विस्तृत आकलन किया जा रहा है.स्थानीय लोगों ने प्रशासन से खराब सड़कों की मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.







