
संतोष वर्मा
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने डायन बिसाही कहकर एक महिला की हत्या करने और शव को छुपाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पायी है. पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा द्वारा जानकारी दी गई कि वादी जीदन चाम्पिया, गांव डिन्डापाई, थाना गुदड़ी के फर्द बयान के आधार पर गांव के ओलसहाय चाम्पिया एवं सावन चाम्पिया पिता स्व शनिका चाम्पिया पर अपने फुफु की हत्या डायन बिसाही के आरोप में हत्या कर शव को छुपा दिए जाने की सूचना पर गुदरी थाना कांड संख्या 06/20,29 फरवरी, धारा 302/201/34 भारतीय दंड विधान एवं 3/4/5 डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम 2001 के विरुद्ध अभियुक्त पर मुकदमा दर्ज करते हुए कांड का अनुसंधान प्रारंभ किया गया. उन्होंने बताया कि अनुसंधानकर्ता द्वारा सघन छापेमारी करते हुए 1 मार्च को कांड के दोनों प्राथमिक अभियुक्त को गिरफ्तार कर पूछताछ किया गया. पूछताछ के क्रम में दोनों अपराधियों द्वारा हत्या कर शव को छुपाए जाने की बात बताते हुए अपना अपराध स्वीकार किया गया. अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा कुदाली एवं गुदरी थाना अंतर्गत गांव डिन्डापाई स्थित जंगल से शव को बरामद किया गया एवं परिजनों के पहचान के उपरांत शव को पोस्टमार्टम हेतु अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर भेजा गया है.







