रामगोपाल जेना चाईबासा: कोल्हान आदिवासी एकता मंच 25 मार्च को शहीद पार्क चाईबासा में शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कुड़मी महतो के खिलाफ आंदोलन का आगाज करेगा. यह निर्णय रविवार को हुई कोल्हान आदिवासी एकता मंच की हुई बैठक में लिया गया. इसकी जानकारी मंच के अध्यक्ष देवेंद्र नाथ चंपिया ने दी.बैठक में कुड़मी-महतो द्वारा की जा रही असंवैधानिक मांग के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई. साथ ही मंच के उद्देश्यों में अन्य मुद्दों को जोड़कर संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की गई और इस पर बल दिया गया. मंच के सदस्यों ने निर्णय लिया कि कोल्हान के तमाम आदिवासी गांवों में जनता को कुड़मी महतो के अनैतिक आंदोलन के खिलाफ जागरूक किया जाएगा. इसके लिए गांव-गांव में टीम बनाई जाएगी.(नीचे भी पढ़े)
मंच ने यह भी प्रण लिया कि इस मुहिम के लिए कॉरपोरेट घरानों, विधायक-सांसदों से चंदा नहीं लिया जाएगा. इसके बजाय घर-घर जाकर लोगों से सहयोग लेने पर जोर दिया जाएगा.बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि वैसे जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी चेतावनी के साथ आंदोलन किया जाएगा, जो आदिवासियों के अस्तित्व को बचाने के संघर्ष में समाज का साथ नहीं देंगे. मंच ने यह भी निर्णय लिया कि हर महीने की योजना बनाई जाएगी और उसके क्रियान्वयन के बाद माह के अंत में रिपोर्ट आम जनता के बीच जारी की जाएगी. इसके लिए मंच के सदस्यों से अपील की गई कि वे फंड संग्रह के लिए भी आंदोलन की तरह काम करते हुए इस मुहिम को सार्थक बनाने में मंच को मजबूती दें.बैठक में मंच के अध्यक्ष देवेंद्र नाथ चंपिया, सचिव रवि बिरुली, कोषाध्यक्ष करम सिंह मुंडा, मुख्य संयोजक यदुनाथ तियू, जिला संयोजक रमेश बालमुचू, सह सचिव पंकज बांकिरा, बामिया बारी, रामय पूर्ति, चंद्र मोहन बिरुआ, रियांस सामद, साधु बानरा सहित काफी संख्या में समाज के जागरूक लोग मौजूद थे.







