जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से मानवता की सेवा के लिए लगातार बेहतरीन कार्य किये जा रहे हैं और इनमें जेमीपोल अपने सामाजिक उत्तरदायित्व अभियान के तहत नियमित रूप से सहभागी बन रहा है. रविवार को टाटा समूह के संस्थापक जमशेतजी नसरवान जी टाटा की 187वीं जयंती के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. सभी रक्तदाताओं ने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और परिवार के लिए उनके महत्वपूर्ण सदस्यों के जीवन की रक्षा की है. उक्त विचार आज जेमीपोल के सहयोग से रेड क्रॉस भवन में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन करते हुए जेमीपोल के वरीय पदाधिकारी सर्वेन्दु सान्याल ने व्यक्त किये. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की सभी को शुभकामनाएं दी. रक्तदान शिविर में कुल 81 रक्तदाताओं ने जहां रक्तदान किया, वहीं सिंगल डोनर प्लेटलेट्स से जुड़े रेड क्रॉस के नियमित रक्तदाताओं को भी श्री सान्याल के साथ रेड क्रॉस के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, जेमीपोल की पदाधिकारी सन्तोषी एवं कीर्ति खेमका एवं रेड क्रॉस की पेट्रॉन पूर्वी घोष ने शॉल, मानपत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया. रेड क्रॉस के एसडीपी डोनर प्रभारी प्रभुनाथ सिंह को इस अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने रक्तदान कर रहे रक्तदाताओं का उत्साह बढाया. रक्तदान शिविर के दौरान उपस्थित महिलाओं का सम्मान रेड क्रॉस ने किया. शिविर में रक्तदान करने वाली महिला रक्तदाताओँ को शॉल ओढ़ाकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया. रक्तदान शिविर को सफल बनाने में जमशेदपुर ब्लड सेंटर की टीम को निर्देशित कर रही डॉ रीता सिंह, रेड क्रॉस कार्यकर्ता शान्ता अधिकारी, मधुमिता विश्वास, डीके घोष, पेट्रॉन संजय सिंह, वाइस पेट्रॉन राजेश मोहन प्रसाद, राधेश्याम कुमार, केबीएस त्रिवेदी, पीएन सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.







