
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस ने मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। चोरी की मोबाइल और टेबलेट सहित चार आरोपियों को मुफ्फसिल थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चाईबासा के एसडीपीओ दिलीप खलखो ने पत्रकारों को बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिला के डुमरिया थाना के फूलजारी गांव निवासी बैजू हेंब्रम ने 7 सितंबर को मोबाइल और टैबलेट चोरी की शिकायत थाने में की थी, जिसके बाद अनुसंधान में जुटी पुलिस में चार आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपी बुधलाल अंगरिया, मोटाय अंगरिया, आयुष यादव और अमन निषाद की निशानदेही पर चोरी की गई मोबाइल और टेबलेट बरामद किया गया। (नीचे भी पढ़ें)
आरोपियों की निशानदेही पर 12 स्मार्टफोन, एक आईपैड, लेनोवो कंपनी का एक टैबलेट, जिओ कंपनी का 4 सिम और एयरटेल कंपनी का 1 सिम, बीएसएनएल कंपनी का 1 सिम बरामद किया गया। बुधलाल और मोटाय गोइलकेरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। जबकि आयुष यादव मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गांधी टोला का रहने वाला है। वहीं अमर निषाद मंझारी थाना के खेड़ियाटांगर का रहने वाला है। पुलिस की छापामारी दल में मुफ्फसिल थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक, पुलिस अवर निरीक्षक रथु उरांव, विकास कुमार, अभिषेक कुमार, सत्यम कुमार, रोहित कुमार और दशरथ महतो, सहायक अवर निरीक्षक दिलीप कुमार तिवारी और पुलिस जवान शामिल थे।














