रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर:चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव ने सड़क निर्माण में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा लगाए जा रहे अवरोध पर गंभीर आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है. उन्होंने विभाग से बाधित (आपत्ति) हटाने की मांग की है ताकि लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य शुरू हो सके.विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि बंदगांव प्रखंड के आम नागरिकों द्वारा दिया गया आवेदन संज्ञान में लिया गया है, जिसमें पीएमजीएसवाई अंतर्गत लगभग 16.5 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण की मांग की गई है.(नीचे भी पढे)
इस सड़क की निविदा 07 दिसंबर 2021 को निकाली गई थी और कार्य का आवंटन 22 अगस्त 2022 को किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से अब तक प्रभावित सड़क का निर्माण नहीं हो सका है और जब सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, तब भी वन विभाग द्वारा निर्माण को बाधित किया जा रहा है. इससे ग्रामीणों में काफी रोष व्याप्त है.विधायक उरांव ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र गति देने का अनुरोध किया है, ताकि विकास कार्यों में तेजी आए और ग्रामीणों का सरकार पर विश्वास बना रहे.



