रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर:चक्रधरपुर में अनुमंडल अस्पताल की एक नर्स की संदिग्ध मौत से पुरे इलाके में सनसनी फैल गयी है. नर्स की संदिग्ध हालत में उसके घर से लाश बरामद की गयी है. घटना बुधवार देर शाम 8:30 बजे की बताई जा रही है. नर्स के पति का कहना है कि नर्स ने आत्महत्या की है. जबकि नर्स के मायके वालों का कहना है कि नर्स ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसके पति और उसके दोस्त ने मिलकर उसकी हत्या कर दी है. और साक्ष्य छुपाने के लिए मामले को आत्महत्या का रूप दे दिया गया है. मृतक नर्स का नाम भारती कुमारी महतो है जो की चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में कुपोषण उपचार केंद्र में पोषाहार विशेषज्ञ के पद पर कार्यरत थी.(नीचे भी पढ़े)

वह चक्रधरपुर के गैलन भट्टी में एक किराए के मकान में पति के साथ रहती थी. बताया जा रहा है की भारती कुमारी की बीती रात उसके घर पर फंदे से झूलती लाश बरामद की गयी थी. भारती कुमारी के पति पुरुषोत्तम महतो का कहना है कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है. जबकि भारती के मायके वाले सीधे तौर पर पति पुरुषोत्तम पर ही हत्या का आरोप लगा रहे हैं.बताया जाता है की भारती कुमारी की डेढ़ साल पहले पुरुषोत्तम से शादी हुई थी. लेकिन इस शादी के बाद से ही दोनों में विवाद होता रहता था. पति पत्नी में हमेशा किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता था. 30 जुलाई को रोज की तरह अनुमंडल अस्पताल में काम पूरा करके हंसी ख़ुशी से सामान्य रूप से अस्पताल से भारती कुमारी घर निकली थी. अस्पताल के कर्मी भी बताते हैं कि अस्पताल से निकलने के दौरान भारती कुमारी के चेहरे पर किसी तरह का तनाव या दु:ख का भाव नजर नहीं आया था. (नीचे भी पढ़े)
भारती कुमारी की बड़ी बहन नीलम कुमारी का कहना है कि भारती के पति ने उसे बुधवार रात को कॉल कर जानकारी दी कि उसकी बहन कमरे का दरवाजा बंद कर दी हैंऔर दरवाजा नहीं खोल रही है. इस सूचना पर नीलम कुमारी भारती के घर पहुंची. जहां उसने देखा कि उसका पति कमरे से बाहर निकला और बताया कि भारती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पति ने फंदे को खोलकर भारती को नीचे भी उतारा. नीलम कुमारी ने बताया कि उसकी बहन कभी आत्महत्या नहीं कर सकती है. वह बहुत मजबूत मानसिकता की थी. नीलम कुमारी ने यह भी बताया कि एक बार भारती के पति पुरुषोत्तम ने उससे कहा था कि वह भारती से बहुत परेशान हो चूका है और वह उसकी हत्या भी कर सकता है. वहीं भारती के भाई ने भी भारती के पति पुरुषोत्तम महतो और उसके दोस्त संजय महतो पर हत्या का आरोप लगाते हुए चक्रधरपुर थाना में शिकायत दर्ज कर दिया है. अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक समेत सभी कर्मचारियों ने घटना पर शोक व्यक्त किया है.



