चाईबासा : कोल्हान प्रमंडल सघन वन क्षेत्रों में नक्सलियों के खिलाफ जिला पुलिस बल के साथ अभियान चला रहे सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. सुरक्षा बलों ने टोंटो थाना क्षेत्र के जंगलों से बड़ी मात्रा में विस्फोटक, आआइईडी, एवं नक्सलियों के दैनंदिन प्रयोग के सामान जब्त किये हैं. सुरक्षा बलों ने विस्फोटकों को सुरक्षा की दृष्टि से वहीं नष्ट करा दिया है. सुरक्षा बलों ने अपना नक्सली विरोधी अभियान अभी जारी रखने की घोषणा की है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि जिला पुलिस बल के नेतृत्व में जिले के नक्सल प्रभावित पहाड़ी वन क्षेत्रों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे सुरक्षा बलों को जिले के टोंटो थानांतर्गत पहाड़ी वन क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा हथियार, गोला-बारूद छुपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी. इसके आलोक में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार सुबह टोंटो थानांतर्गत वन ग्राम लुइया, बामईबासा, गोबुरू के आसपास के जंगली/पहाड़ी क्षेत्रों में जांच अभियान शुरु किया. अभियान के दौरान ही सुरक्षा बलों को नक्सलियों के पुराने डंप का पता चला. (नीचे भी पढ़ें)
जहां से सुरक्षा अधिकारियों ने जिलेटिन की 16 छड़ें, 2 डेटोनेटर, 5 किलो अर्ध तरल विस्फोटक, तीन केन आइईडी सहित अन्य बहुत सारे सामान बरामद किये. हालांकि सुरक्षा बलों ने एहतियात के तौर पर बरामद विस्फोटकों को वहीं नष्ट करा दिया. बाकी सामानों को सुरक्षा बल के जवानों ने जब्त कर लिया. नक्सल विरोधी अभियान में जिला पुलिस के साथ कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर एवं सीआरपीएफ के जवान भी शामिल रहे.



