रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चैत्र प्रतिपदा के शुभ अवसर पर हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष्य में चक्रधरपुर में संपूर्ण हिंदू समाज के तत्वावधान में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई. इस दौरान शहर का वातावरण पूरी तरह धार्मिक और भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया. शोभा यात्रा की शुरुआत पोटका स्थित शिव मंदिर एवं बजरंगबली मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई. नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव एवं उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने पूजा-अर्चना कर नगरवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की. इसके बाद भव्य शोभा यात्रा नगर के एनएच 75 ई से गुजरते हुए निकली. यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. गाजे-बाजे की धुन पर युवा, महिलाएं एवं बच्चे उत्साहपूर्वक थिरकते नजर आए. “जय श्री राम” के जयघोष से पूरा चक्रधरपुर गूंज उठा, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया गया. कई स्थानों पर जलपान एवं प्रसाद की भी व्यवस्था की गई थी. आयोजन समिति द्वारा शोभा यात्रा को भव्य एवं अनुशासित बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी. वहीं सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा. बीडीओ एवं सीओ भी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर विधि-व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. इस अवसर पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक षाड़ंगी,वरिष्ठ भाजपा नेता सह समाजसेवी सुरेश साव ,समाजसेवी भाजपा नेता डॉक्टर . विजय सिंह गागराई, नगर भाजपा अध्यक्ष अनूप दुबे, पार्षद राजू प्रसाद कसेरा, स्वपन कुमार मिस्त्री, विनय बर्मन, बापी दत्ता, गोनू जायसवाल,समाजसेवी राम प्रताप बर्मन, प्रमेन्द्र सिंह चौहान, दीपक सिंह, चंदन विश्वकर्मा, नीकू सिंह, देवेन मंडल, विवेक कुमार, मिथुन बाग सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे. अंत में शोभा यात्रा सोनुआ बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर पहुंची, जहां भव्य आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि हिंदू नव वर्ष हमारी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है. यह पर्व हमें नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और समाज में एकता बनाए रखने का संदेश देता है. उन्होंने सभी नगरवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की. उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकजुटता और धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए नई पीढ़ी को इससे जोड़ना चाहिए। साथ ही सभी के सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



