चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला के मरिद्री गांव के पास जंगल में प्रेशर आईईडी फटने से छोटा कुइरा निवासी सिंगराय पूर्ति नामक युवक की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार सिंगराय अपने एक साथी के साथ मारिद्री के जंगल में लकडी लेने गया था. यह घटना पिछले बुधवार की है. घटना की सूचना के सत्यापन के बाद शव लाने के लिए जिला पुलिस एवं सीआरपीएफ 60 बटालियन की टीम जंगल की ओर निकली, लेकिन अंधेरा होने और प्रेशर आईईडी के खतरे के कारण बीती रात संभव नहीं हो पाया. गुरुवार की सुबह ग्रामीण, जिला पुलिस बल तथा सीआरपीएफ 60वीं बटालियन फोर्स के साथ बम निरोधक दस्ता घटनास्थल पर गया. आज शव को को छोटा कुइरा लाया गया. पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा. सिंगराय के शव के साथ नक्सलियों ने परचा भी डाल रखा था, जिसमें ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की चेतावनी दी गयी है. बताते चलें कि नक्सलियों द्वारा लगाये गए आईईडी से कई जानवर भी मारे जा रहे है. ग्रामीणों के रोजगार के काम, जैसे-खेती, जानवर चराना आदि प्रभावित हो रहा है. नक्सलियों द्वारा ऐसा किये जाने से ग्रामीण सहमे हुए एवं चिंतित हैं.




