रामगोपाल जेना/चाईबासा : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह चाईबासा डीएलएसए अध्यक्ष मो शाकिर के मार्गदर्शन में आगामी 10 मई को चाईबासा व्यवहार न्यायालय एवं चक्रधरपुर अनुमंडल न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. पश्चिम सिंहभूम जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से आयोजित होने वाले उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लोग अपने सुलहनीय मामलों के निष्पादन के लिए प्राधिकार के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं, राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन के लिए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अक्षत श्रीवास्तव ने व्यवहार न्यायालय के न्यायिक दंडाधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन पर चर्चा की. उन्होंने पदाधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन के लिए प्रेरित किया और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये. (नीचे भी पढ़ें)
प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लोग अपने बैंक ऋण, एनआई एक्ट 138 से जुड़े मामले, माप तौल, उत्पाद विभाग, वन विभाग, भूमि संबन्धित विवाद, आपराधिक सुलहनीय मामलों, वैवाहिक विवादों से संबन्धित, पारिवारिक न्यायालय से संबंधित वादों के प्री लिटिगेशन मोड पर मध्यस्थता के माध्यम से निष्पादन के लिए संपर्क कर सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अक्षत श्रीवास्तव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी एंजेलिना नीलम मड़की, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी (सदर) सह रजिस्ट्रार सुप्रिया रानी तिग्गा, रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी मंजीत कुमार साहू और प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी पूजा पांडेय उपस्थित रहे.




