
चाईबासा: झारखण्ड राज्य मनरेगा कर्मचारी महासंघ की पश्चिमी सिंहभूम जिला ईकाई ने विधायक दीपक बिरुवा से मनरेगा कर्मियों की सेवा स्थायी कराने समेत अन्य मांगों पर राज्य सरकार से उचित पहल करने की गुहार लगाई है. अपनी समस्याओं को लेकर मनरेगा कर्मचारी महासंघ का प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष शंभू गोप के नेतृत्व में सरनाडीह में विधायक दीपक बिरुवा से मिला और ज्ञापन भी सौंपा.समस्या सुनने के बाद विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि आपकी समस्याओं को ग्रामीण विकास विभागीय मंत्री के पास रखा जाएगा. इस बाबत श्री बिरुवा ने विभागीय मंत्री को पत्र भी लिखा, जिसमें श्री बिरुवा ने कहा कि मनरेगा कर्मी सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का क्रियान्वयन कराने में विगत 12 वर्षो से महत्वपूर्ण भूमिका एवं योगदान को देखते हुए इनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए कार्रवाई की जानी चाहिए. कर्मियों की मुख्य मांगें इस प्रकार है, सामाजिक सुरक्षा के तहत जीवन बीमा व स्वास्थ्य बीमा, सीधे बर्खास्तगी पर रोक एवं बर्खास्त मनरेगा कर्मियों को बिना शर्त सेवा में वापस लेने, मनरेगा कर्मियों को सीमित उपसमाहर्ता की परीक्षा में बैठने का अवसर देने समेत अन्य मांग शामिल है.






