रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर अनुमंडलाधिकारी ने शुक्रवार को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लमें आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) का निरीक्षण किया. पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त के निर्देश पर निरीक्षण के दौरान अनुमंडलाधिकारी के साथ अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी भी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान प्रत्येक माह की 9 तारीख को आयोजित किया जाता है. अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं एवं उच्च जोखिम वाले मामलों की समय पर पहचान करना तथा सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना है. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं विभिन्न जांच सेवाओं की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि अभियान के तहत सभी गर्भवती महिलाओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान करने, उनके समुचित उपचार की व्यवस्था करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर करने का निर्देश दिया, ताकि गर्भवती महिलाओं को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके. प्रशासन की ओर से सुरक्षित मातृत्व को प्राथमिकता देते हुए गर्भवती महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य जांच व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया.




