
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले की पुलिस ने नक्सली संगठन पीएलएफआइ के ईनामी नक्सली और कमांडर अजय पूर्ति उर्फ बूढ़ा उर्फ रुठा को गिरफ्तार कर लिया है. उसके साथ सात अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है. अजय पूर्ति पर 2 लाख रुपये से अधिक का ईनाम था. वह गुदड़ी थाना क्षेत्र के गुदीदिरी गांव का रहने वाराला है. वैसे वह खूंटी जिला के मारगहादा थाना क्षेत्र के गाड़ामारा गांव का मूल निवासी है. पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने संवाददाता सम्मेलन में इसकी जनकारी साझा की और बताया कि अजय पूर्ति को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया, जब वह 7 अन्य सहयोगियों के साथ बंदगांव थाना क्षेत्र के ईटी बिरदा के जंगल के पहाड़ी क्षेत्रों में घुम रहा था. एएसपी नाथू सिंह मी़णा और सीआरपीएफ 60 बटालियन के सेकेंड कमांडिंग अधिकारी विकास सिंह के नेतृत्व में छापामारी की गयी, जिसके बाद सबको गिरफ्तार किया गया. उनके पास से दो देसी कट्टा, 8 कारतूस, वायलेस सेट व चार्जर, मोबाइल फोन 5, सिम कार्ड 6, पिट्ठू बैग 5, मोटरसाइकिल 2, लेवी मांगने का परचा और चंदा का फार्म, सिलिंग 1 समेत अन्य बरामद किया गया है. इस अभियान में बंदगांव थाना प्रभारी सुबोध सिंह मुंडा, पुलिस अवर निरीक्षक अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक निर्भय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक प्रभात रंजन, पुलिस अवर निरीक्षक अमरजीत, पुलिस अवर निरीक्षक सचिन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अवनीश यादव शामिल है. अजय के साथ पुलिस ने अकिला सुंडी उर्फ डिबोडी, डुपन उर्फ तोपान कंडुलना, हेरमन सुंडी उर्फ सुखराम सांडी पुरती, दोसरो मुंडा, पौलुस सांडी पुरती, गालू सांडी पुरती व प्रभु सहाय सिरूम को गिरफ्तार किया है. अजय पर हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, आगजनी, पुलिस पार्टी पर हमला आदि से जुड़े 50 मामले दर्ज हैं. इनमें से पश्चिम सिंहभूम जिले में 43 व खूंटी जिला में 7 कांड दर्ज हैं.







