रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : लगातार हो रही बारिश से बंदगांव प्रखंड का कराइकेला उच्च विद्यालय परिसर तालाब में तब्दील हो गया है. वहीं स्मार्ट क्लास रूम समेत कई कक्षाओं में पानी घुस गया है. स्मार्ट क्लास रूम में पानी घुस जाने से कई उपकरण क्षतिग्रस्त भी हो सकते हैं. इधर मुख्य गेट पर घुटने से ऊपर पानी भरा हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)

पानी के निकासी की कोई जगह नहीं है. सोमवार को विद्यालय तो खुला है, किन्तु विद्यालय परिसर की स्थिति के मद्देनजर विद्यालय प्रबंधन ने इसका स्वतः संज्ञान लेते हुए सोमवार को छुट्टी की घोषणा कर दी है. क्योंकि पानी भरे कमरों में अगर किसी तरह बिजली का करंट दौड़ गया तो बहुत बड़ी दुर्घटना घट सकती है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रधानाध्यापिका नूर बागे ने कहा कि ज्यादा बारिश होते ही यहां यही स्थिति हो जाती है. जल निकास की कोई व्यवस्था नहीं है. भवन निर्माण चल रहा है जिससे पूर्व पानी के निकास की ब्यवस्था की जानी थी. अभियंता ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया. बता दें कि विद्यालय में एक हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते हैं. भवन निर्माण के संवेदक ने स्कूल गेट के पास ईंट, बालू, गिट्टी स्टॉक कर रखा है. संवेदक और उसका मुंशी किसी की नहीं सुनते.



