रामगोपाल जेना,चाईबासा/जगन्नाथपुर: ग्रामीण कार्य विभाग चाईबासा में लंबे समय से रिक्त पड़े कार्यपालक अभियंता पद पर आखिरकार नियुक्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है. ई. विशाल खलको को प्रभारी कार्यपालक अभियंता के रूप में दी गई जिम्मेदारी को विभागीय मंत्री द्वारा सम्पुष्ट करते हुए उन्हें सम्पूर्ण अधिकार प्रदान कर दिया गया है.बताया जा रहा है कि लगभग ढाई माह से कार्यपालक अभियंता का पद रिक्त रहने के कारण विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही थी. संवेदकों के लंबित भुगतान और नई योजनाओं की स्वीकृति जैसे मुद्दे अटके हुए थे. अब नई नियुक्ति से विभागीय कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है.(नीचे भी पढ़े)
इस नियुक्ति के पीछे जिला प्रशासन की सक्रिय भूमिका रही. चंदन कुमार (उपायुक्त) के प्रयासों और सोनाराम सिंकु (जगन्नाथपुर विधायक) की लगातार पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है. विधायक ने विकास कार्यों के हित में लगातार विभागीय स्तर पर पैरवी की, ताकि ठेकेदारों का लंबित भुगतान शीघ्र हो सके और अधूरे कार्यों को पूरा किया जा सके. विभागीय मंत्री एवं सचिव मनोज कुमार ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की. सूत्रों के अनुसार, विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में चल रही सभी ग्रामीण सड़क, पुल-पुलिया एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण किए जाएं. (नीचे भी पढ़े)
इधर, झारखण्ड हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता कृष्ण मुरारी द्वारा भेजे गए लीगल नोटिस का भी असर देखने को मिला. माना जा रहा है कि प्रशासनिक स्तर पर इस विषय को गंभीरता से लिया गया, जिसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी आई.नव नियुक्त प्रभारी कार्यपालक अभियंता ई. विशाल खलको के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती लंबित योजनाओं को गति देना और भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना होगा. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों के सड़क, भवन एवं आधारभूत विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके.















