
चाकुलिया : चाकुलिया डाकबंगला परिसर में बुधवार को ग्राम प्रधानों की एक बैठक ग्राम प्रधान कोकिल चन्द्र महतो की अध्यक्षता में हुई. बैठक में ग्राम प्रधानों की विभिन्न समस्याओं पर विचार विमर्श और संगठन की मजबूती पर चर्चा की गई. बैठक में ग्राम प्रधानों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में गांव को स्वच्छ बनाने और प्लास्टिक मुक्त करने का संकल्प लिया. ग्राम प्रधानों ने सरकार द्वारा देश को प्लास्टिक मुक्त घोषित करने के निर्णय की सराहना की. कहा कि सरकार की इस मुहिम का सभी ग्राम प्रधान अपने अपने गांव में प्रचार प्रसार कर लोगों को जागरूक करें. गांव को स्वच्छ रखने और प्लास्टिक मुक्त बनाने के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही गांव को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए लोगों को संगठित करें, तभी सरकार की पहल सही मायने में सफल होगी. बैठक के पश्चात ग्राम प्रधानों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी. बैठक में गिरीश महतो, पंकज महतो, राजेश्वर महतो, लखिन्द्र मुर्मु, सुनील बरन घोष, लाखाई मुर्मु, भरत सिंह मुंडा, हरीश चन्द्र माहली, मनिन्द्र नाथ महतो, संतोष महतो, कुमेद महतो, भक्ति पदो दास, उत्तम महतो, प्रेमचांद पाल,ठाकुर दास मांडी, चन्द्रमोहन नायक समेत अन्य उपस्थित थे.



