
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स का जमशेदपुर प्लांट एक बार फिर से मंदी की चपेट में है. वैश्विक के साथ-साथ भारत में ऑटोमोटिव सेक्टर में छायी मंदी का यह असर है कि जमशेदपुर के टाटा मोटर्स प्लांट को एक बार फिर से ब्लॉक क्लोजर करना पड़ रहा है. 14 फरवरी और 15 फरवरी को ब्लॉक क्लोजर रहेगा जबकि 16 फरवरी को रविवार रहेगा, जिस दिन साप्ताहिक छुट्टी रहेगी. तीन दिन के बाद चौथे दिन यानी 17 फरवरी को वापस प्लांट खुलेगी. इसको लेकर सरकुलर जारी किया गया है. सरकुलर में टाटा मोटर्स प्रबंधन और यूनियन के बीच 17 जून 1998 को हुए समझौता को आधार बताते हुए ही ब्लॉक क्लोजर किया जा रहा है. इस ब्लॉक क्लोजर के तहत कंपनी में मेंटेनेंस का काम होता रहेगा. कर्मचारियों को ब्लॉक क्लोजर के दिन आधे दिन का वेतन दोनों दिन मिलेगा. इस दौरान किसी तरह की छुट्टी नहीं लेने दी जायेगी. जिसको ब्लॉक क्लोजर के दौरान काम पर बुलाना है, उसके लिए अलग से नोटिस निकाली जायेगी. बरसात के मौसम में अक्सर ब्लॉक क्लोजर हुआ करती है, लेकिन मंदी ने ऐसा हाल किया कि सबसे उत्तम समय ठंड के मौसम में भी ब्लॉक क्लोजर लेने की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. ब्लॉक क्लोजर पिछले साल इतना ज्यादा लिया गया था कि समझौता के तहत दिन को आगे बढ़ाने की नौबत आ गयी थी और अब एक बार फिर से ब्लॉक क्लोजर की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.



