
जमशेदपुर : जमशेदपुर महानगर भाजपा की अहम बैठक गुरुवार को जिला कार्यालय में संपन्न हुई. इसमे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा देश के गृहमंत्री और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रांची आगमन की तैयारियों पर चर्चा की गई. आपको बता दें कि आगामी 17 फरवरी को झाविमो पार्टी का विलय भाजपा में होने जा रहा है और पार्टी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भाजपा में शामिल होने जा रहें हैं. बाबूलाल मरांडी के साथ उनका पूरे दल का विलय होने जा रहा है. इसको लेकर भाजपा और झाविमो दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ता उत्साहित है.
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और देश के गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में विलय की प्रक्रिया सम्पन्न होगी. रांची के प्रभात तारा मैदान में इसके लिए वृहद कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है, जिसमें पूरे राज्य भर से दोनों पार्टियों के लाखों कार्यकर्ता शामिल होंगे. इसकी तैयारियों को लेकर इस बैठक का आयोजन किया गया. जिला भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि झाविमो के भाजपा में विलय और बाबू लाल मरांडी के पार्टी में शामिल होने से पार्टी को काफी मजबूती प्रदान होगी. इस दौरान भाजपा के सारे मंडलों को कहा गया है कि वे लोग आने वाले इस कार्यक्रम को लेकर मंडलों और बूथ स्तर के लोगों को भी जोड़े और उनको भी रांची ले चले, जहां लोगों की मौजूदगी में बाबूलाल मरांडी की फिर से ज्वाइनिंग होगी.






