
चाईबासा : जीते जी भले एक न हो सके, लेकिन ट्रेन से कटकर प्रेमी-प्रेमिका एक दूजे के हो गये. प्राप्त जानकारी के अनुसार चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के समीप पोटरखोली में मालगाड़ी से कटकर प्रेमी युगल ने जान दे दी. घटना सुबह चार से पांच बजे के बीच की है. मृतक की पहचान दड़कादा निवासी लखीराम गागराई एवं चितपिल निवासी रायमुनी हांसदा के रूप में की गई है. दोनों चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के झरझरा के बताये जाते हैं.

रेल पुलिस चक्रधरपुर ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया गया है. चक्रधरपुर रेल पुलिस ने मृतकों के परिजनों एवं गांव के मुखिया को इसकी सूचना दे दी है. इसके साथ ही रेल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, दोनों को मिलने से परिवार के लोग रोकते थे. परिवार के लोगों ने उनको साफ तौर पर कह दिया गया था कि अगर मिलेंगे तो दोनों को अलग-अलग ही रहना होगा और एक जगह से दूसरी जगह भेज दिया जायेगा.

फिर क्या था, दोनों घर से निकले और सुबह-सुबह ही रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैलेंटाइन डे के एक दिन पहले यानी किस डे के दिन पहले उन लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे ही एक दूसरे को किस किया. जैसे ही देखा कि ट्रेन आ रहा है, दोनों एक दूसरे से लिपटकर ट्रेन के ट्रैक पर सिर को रखकर ही सो गये, जिसके बाद उनकी इहलीला समाप्त हो गयी. वैसे प्रत्यक्षदर्शियों ने हल्ला किया, लेकिन ट्रेन नजदीक आ गया था और उन दोनों ने एक साथ मरने का सपना को साकार कर लिया.





