
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स की अधीकृत यूनियन टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन का कमिटी मीटिंग मंगलवार की सुबह हुई. इसकी अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते ने किया. विषय प्रवेश कराते हुए महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि आज की बैठक में बोनस, स्थाईकरण और कंपनी के महत्वपूर्ण विषयों को लाने का काम करें. बारी-बारी से सभी कमेटी में उन्होंने अपने विचार को रखा. कमेटी मेंबरों ने इस बात की चर्चा की कि कंपनी धीरे-धीरे घाटे दौर से उभर रही है. आज हर एक व्यक्ति को मालूम है किंतु ये विश्वास भी है कि अध्यक्ष और महामंत्री अपने तार्किक शक्ति के आधार पर बेहतर बोनस कराने में सफल होंगे. साथ ही साथ हर साल होने वाले स्थायीकरण कराने में भी अवश्य सफल होंगे. सभी लोग अध्यक्ष एवं महामंत्री पर आस्था व्यक्त किया. महामंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आप सबकी एकता निश्चित तौर पर हम लोगों को बल देती है पर आज की परिस्थिति के अनुसार वार्ता थोड़ी कठिन है. कंपनी का बैलेंस शीट लगातार हम लोग पर दबाव बना रहा है और जो भी होगा निर्णय, को सभी कर्मचारियों और कमेटी मेंबरों के बीच में लेकर आयेंगे और आवश्यक सुझाव लेने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जायेगा. अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि परिस्थितियां विषम रही है और आज भी विषम है. सबका विश्वास निश्चित तौर पर कुछ बेहतर परिणाम लेकर आएगा. हमसे सभी को एक बेहतर निर्णय की अपेक्षा रहती है और कोशिश यही रहेगी कि इसमें हम खरे उतरे. अंत में धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने किया. मंच संचालन प्रकाश ने किया. दूसरी ओर, टाटा मोटर्स के वीपी एबी लाल मंगलवार को जमशेदपुर पहुंचे. वे यहां के अधिकारियों के साथ बैठक की. यह उम्मीद जतायी जा रही है कि बहुत जल्द बोनस समझौता हो जायेगा. सूत्र बता रहे है कि दो से तीन दिनों के भीतर बोनस समझौता हो जायेगा ताकि विश्वकर्मा पूजा तक कर्मचारी खुश हो सके. वैसे यूनियन का फोकस है कि बोनस की राशि भले कम हो, लेकिन स्थायीकरण हो सके ताकि कंपनी के कर्मचारियों के बच्चों का भविष्य बेहतर हो सके.




