
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत टाटा वर्कर्स यूनियन के सौ साल पूरे होने पर यूनियन के आयोजित कार्यक्रमों का समापन समारोह शनिवार से शुरू हुआ. दो दिवसीय फ्यूचर यूनियन कांक्लेव शुरू हुआ, जिसमें भविष्य का यूनियन कैसा होगा, इसको लेकर परिचर्चा आयोजित हुई. इसका उदघाटन टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने किया. इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के तौर पर टाटा स्टील के वीपी एचआरएम सुरेश दत्त त्रिपाठी मौजूद थे. इस मौके पर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय, माइकल जॉन सेंटर के प्रमुख जयदेव कुमार मौजूद थे.

इस मौके पर टाटा स्टील के एमडी ने टाटा वर्कर्स यूनियन के सौ साल पूरे होने पर एक चांदी के सिक्का का अनावरण किया, जिसको सारे कर्मचारियों के बीच वितरित किया जायेगा. इस मौके पर टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि जमशेदपुर के सौ साल हो चुके है. टाटा स्टील के 112 साल हो गये. टाटा वर्कर्स यूनियन के 100 साल हुए जबकि टिनप्लेट कंपनी और टाटा स्टील के विदेशी संयंत्र पोर्ट टैलबोट के भी सौ साल पूरे हुए है. टाटा वर्कर्स यूनियन ने सौ साल के इतिहास को बनाया है तो इसके पीछे सौ साल का इतिहास होगा, जिसमें काफी संघर्ष के दिन होंगे. संघर्ष के कारण ही आज टाटा वर्कर्स यूनियन भी मजबूती के साथ तटस्थ है जबकि टाटा स्टील भी चुनौतियों को पार करने के बाद कंपनी भी मजबूती के साथ खड़ी है. उन्होंने ब ताया कि सौ साल में बदलाव होता रहा और इसमें यूनियन हमेशा सहायक रहा है.
यह भी पढ़ें: टाटा स्टील का बड़ा दांव, जिस कंपनी को ट्यूब औऱ टाटा कलर्स बेचा, उसको ही किया टेकओवर, सुबह में ही हुई डील

कई सारी परिस्थितियों को बदला गया है. आने वाले दिनों में कई सारी नयी चुनौतियां आयेंगी, जिसको पार करते हुए टाटा स्टील और टाटा वर्कर्स यूनियन को और मजबूती से कदम उठाते हुए आगे बढ़ने की जरूरत होगी. उन्होंने कहा कि टाटा वर्कर्स यूनियन में नेतृत्व क्षमता को विकसित करने के लिए जरूरी है कि बेहतर तरीके से उनकी भी ट्रेनिंग हो ताकि वे लोग भी परिपक्व तरीके से कंपनी और यूनियन को संचालित कर सके. आने वाले भविष्य को लेकर यूनियन को तैयार होकर फैसला लेना होगा. उन्होंने बताया कि आज शेयर होल्डर चाहते है कि उनको बेहतर लाभांश मिले, टाटा स्टील के कर्मचारी और यूनियन चाहती है कि बेहतर लाभांश दिया जाये, जमशेदपुर शहर चूंकि टाटा स्टील की जवाबदेही है तो यह शहर और शहरवासियों की भी काफी आकांक्षाएं है. इन सारी आकांक्षाओं की पूर्ति तब हो सकती है जब टाटा स्टील बेहतर तरीके से मुनाफा कमा सके. अगर कंपनी एक करोड़ रुपये भी खर्च करती है तो यह एक करोड़ रुपये की बचत और उसको कैसे मुनाफा में बदला जा सकता है, इसके पीछे कड़ी मेहनत होती है. ऐसे में यूनियन नेतृत्व को ही समझना होगा कि कैसे मैनेजमेंट और यूनियन के बीच सेतु का काम करें ताकि मजदूरों के हितों की भी रक्षा हो सके और कंपनी का भविष्य भी उज्जवल हो, जिसके लिए कई बार कठोर फैसले भी लेने पड़ सकते है.

टाटा वर्कर्स यूनियन का सौ साल पूरा होना मामूली बात नहीं, वक्त कठोर फैसले लेने की, यूनियन ओनरशिप के आधार पर करें काम : वीपी एचआरएम
टाटा वर्कर्स यूनियन के सौ साल पूरे होने पर टाटा स्टील के वीपी एचआरएम सुरेश दत्त त्रिपाठी ने कहा कि सौ साल तक पहुंचना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है. यह सौ साल पार्टनरशिप का रहा है, लेकिन अब टाटा वर्कर्स यूनियन और टाटा स्टील ”ओनरशिप” (मालिकाना) के आधार पर काम करेगी. यहीं वजह है कि कंपनी को बचाने के लिए कई सारे कठोर फैसले लिये जा सकते है, जिसमें टाटा स्टील मैनेजमेंट के साथ टाटा वर्कर्स यूनियन को भी संयुक्त रुप से काम करना होगा. तकनीक का इस्तेमाल के साथ-साथ बेहतर लीडरशिप डेवलपमेंट पर भी काम करना होगा ताकि बेहतर मैनपावर को विकसित किया जा सके. कार्यक्रम के दौरान टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने खुद संचालन की भूमिका निभायी जबकि इसके संचालन में सहायक की भूमिका में माइकल जॉन सेंटर के प्रमुख जयदेव कुमार भी थे. इसके अलावा महामंत्री सतीश सिंह ने अपने भाषण के दौरान कंपनी और यूनियन के रोडमैप को रखा कि आने वाले सालों में किस तरह की चुनौतियां सामने आने वाली है और आने वाले दिनों में स्थितियां कैसे बदल सकती है.

इस उदघाटन सत्र का धन्यवाद ज्ञापन डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय ने दिया. कार्यक्रम में टाटा स्टील के वीपी सीएस चाणक्य चौधरी, वीपी उत्तम सिंह, कई सारे बिजनेस स्कूलों के छात्र, टाटा वर्कर्स यूनियन के 214 कमेटी मेंबर मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान मौजूद विशिष्ट अतिथियों में मजदूर नेता राकेश्वर पांडेय, टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष आरबीबी सिंह, पूर्व अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, पूर्व अध्यक्ष आरबीबी सिंह, पूर्व महासचिव बीके डिंडा, पूर्व कोषाध्यक्ष प्यारेलाल शाह, पूर्व उपाध्यक्ष भाष्कर राव, सुपरवाइजरी यूनिट के पूर्व मानद सचिव केएनपी सिंह, पूर्व मानद सचिव एसके सिंह, टेल्को वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष गुरमित सिंह तोते, महासचिव आरके सिंह, मजदूर नेता व कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय खां समेत कई यूनियनों के प्रतिनिधि और मैनेजमेंट के अधिकारी मौजूद थे.
कोरोना वायरस का दिखा असर, डिजिटलाइजेशन की दिखी दुनिया
टाटा वर्कर्स यूनियन के सौ साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम के कांक्लेव में कोरोना वायरस का असर देखने को मिला. पूरे कार्यक्रम के दौरान स्टेज से लेकर स्टेज के पीछे तक सैनिटाइजर रखा गया था ताकि लोग सैनेटाइजर का इस्तेमाल कर सके. इसके अलावा टाटा स्टील के वीपी चाणक्य चौधरी ने तो यहां तक कह दिया कि वे हाथ नहीं मिला सकते है प्रणाम कर सबका अभिवादन किया. इसके अलावा जहां चाय-नाश्ता का इंतजाम था, वहां भी सैनेटाइजर की व्यवस्था की गयी थी. इस कार्यक्रम में एक और खास बात रही कि सारा कुछ डिजिटलाइजेशन पर फोकस किया गया था. इसका लाइटिंग लैंप तक स्क्रीन पर ही दिखाकर हो गया जबकि फीता काटकर सिक्का का उदघाटन करना था, तो वह भी डिजिटल तरीके से ही किया गया. इसकी सभी ने तारीफ भी की.
















