
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना क्षेत्र के रहने वाले 35 वर्षीय व्यक्ति हरिशंकर प्रसाद ने अपने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उसके शव को पुलिस ने बरामद किया है. उक्त व्यक्ति ने अपने सुसाइड के पहले अपने ऊपर लाखों रुपये के कर्ज होने की बात कहीं है और कहा है कि उनके ऊपर लाखों रुपये का कर्ज हो गया था, जिसको वे चुका नहीं पा रहे थे, जिस कारण उन्होंने मौत को गले लगा लिया. उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि चाईबासा के उत्पाद अधीक्षक सुधीर कुमार ने उससे इतना ज्यादा पैसा लिया कि उसने मौत को ही गले लगा लिया. बताया जाता है कि हरिशंकर प्रसाद काफी दिनों से पैसे की तंगी झेल रहा था और उत्पाद विभाग के चंगुल में अवैध शराब के कारण फंस गया था. उससे बचने के लिए वह उत्पाद विभाग का चक्कर काट रहा था और उत्पाद अधीक्षक सुधीर कुमार से आग्रह कर रहा था कि उसको इस केस से बाहर निकाल दें, जिसके बदले उसने काफी पैसे उत्पाद अधीक्षक को दे दिया था, जिससे वह कर्जदार हो गया. अंतत: उसने आत्महत्या करना ही बेहतर समझा.








