
Jamshedpur : जुगसलाई पुरानी बस्ती रोड स्थित मदीना मेडिकल के पास कचड़ा डंप करने जा रहे जुगसलाई नगर पालिका के ट्रैक्टर से बाइक में टक्कर लग गयी. इसके बाद एक युवक ने ट्रैक्टर चालक की जमकर पिटाई कर दी. स्थानीय लोगों ने युवक को समझाने का काफी प्रयास किया पर, लेकिन वह नहीं माना. इस मामले में चालक राज कुमार गोस्वामी नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों के साथ जुगसलाई थाना पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव कर दिया. इस दौरान सफाई कर्मी युवक को हिरासत में लेकर थाना लाने की मांग कर रहे थे. चालक राज कुमार ने बताया कि वह नगर पालिका का ट्रैक्टर चलाते हैं. शुक्रवार को वह ट्रैक्टर लेकर सफाई कर्मियों के साथ हरिजन बस्ती से कचड़ा उठाकर डंप करने जा रहे थे. मदीना मेडिकल के पास सड़क पर खड़ी एक बाइक में ट्रैक्टर से हल्की टक्कर हो गई. इससे गुस्साए बाइक मालिक (युवक) ने पिटाई कर दी. साथ ही कर्मचारियों को भी अपशब्द कहने लगा. आस-पास के लोगों ने उसे काफी समझाया, पर वह नहीं माना. फिलहाल सभी थाने में कार्रवाई की मांग को लेकर बैठे हुए हैं.







