
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केबुल कंपनी के जनरल ऑफिस के पहले तल्ले में गुरुवार को लगी आग में ऑफिस के सारे जरुरी कागजात जल कर राख हो गए. शुक्रवार को इसकी जांच करने खुद सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट मौके पर पहुंचे.
कंपनी के भविष्य पर एनसीएलटी में 9 जनवरी को सुनवाई होनी है. स्थानीय लोगो का कहना था की कुछ लोग पुआल लेकर ऊपर चढ़े थे, जिन्होने आग लगाई. वहीं दमकलकर्मियों के अनुसार पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई गई है. फिलहाल मामले की जांच करने के बाद ही खुलासा हो पाएगा.
ज्ञात हो कि गुरुवार की दोपहर केबुल कंपनी के पहले तल्ले में आग लग गई थी जिसे बुझाने के लिए पांच दमकलों को कड़ा मशक्कत करनी पड़ी थी. घटना के बाद मौके पर सरयू राय पहुंचे और घटना की जांच मुख्य सचिव और डीजीपी के करवाने की मांग की थी.
एक साल में चौथी घटना
कर्मचारियों के अनुसार यह साल की चौथी घटना है, इसके पहले भी तीन बार आग की घटना को अंजाम दिया जा चुका है. वहीं कंपनी युनियन के नेता रविंद्र मिश्रा का कहना है कि कंपनी में साजिश के तहत आग लगाई गई है ताकि कंपनी फिर से चालू नहीं हो सके.







