
रांची/चाईबासा : झारखंड में नयी सरकार के गठन की प्रक्रिया एक बार फिर से रोक दी गयी है. सुबह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से समय ले लिया था कि मंत्रीमंडल का विस्तार होगा, लेकिन अंतिम समय में इसको रोक दिया गया. शाम को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राजभवन पहुँचकर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से अपने चाईबासा भ्रमण की महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिला अंर्तगत गुदड़ी प्रखंड के गुलीकेरा पंचायत के बुरुगुलीकेरा गांव में हुई 7 ग्रामीणों की निर्मम हत्या से मन व्यथित है. उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया कि इस घटना से व्यथित मन को देखते हुए कल होने वाले मंत्रियों के शपथ ग्रहण की तारीख को टाल दिया जाय. इसके बाद नयी तिथि का अलग से ऐलान करने की घोषणा की गयी.








