
चाईबासा के गुदड़ी में हुए 7 लोगों की हत्या मामले में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कड़े शब्दों में निन्दा की है. जमशेदपुर के एग्रीको स्थित आवास पर खास बातचीत में उन्होने घटना की निन्दा की. उन्होंने साफतौर पर कहा कि तीन दिनों तक सूचना मिलने के बावजूद प्रशासन उस जगह तक नहीं पहुंच सकी. जिसका नतीजा है सात लोगों की निर्मम तरिके से हत्या कर दी गई.
रघुवर दास ने राज्य सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि सरकार जिस तरह पत्थलगड़ी के केस को कैबिनेट में आनन- फानन में वापस करवा कर मुकदमा वापस ली है. जिसका नतीजा है समाज विरोधी शक्तियों का इस तरह का चेहरा समाज के सामने आया है. उन्होंने कहा कि इस तरह बिना विचार किए पत्थलगडी मुकदमा राज्य सरकार वापस ली है उससे समाज विरोधी शक्तियों का मनोबल बढ़ा है. अंत में उन्होंने राज्य सरकार से आरोपियों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
दूसरी ओर, राज्य के पूर्व मंत्री और विधायक सरयू राय ने इस घटना की निंदा की है. श्री राय ने कहा है कि इस तरह की घटना दुखद है और यह सरकार को देखना है कि क्या करना सरकार चाहती है. इस पर लगाम लगाने की जरूरत है.








