
पलामू : पलामू पुलिस ने दो मामलों का उद्भेदन कर बड़ी सफलता अर्जित की है. इन मामलों में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के कुल आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सभी अपराधी बिहार राज्य के रहने वाले बताया जाते हैं. इस संबंध में पलामू के एसपी अजय लिंडा ने पत्रकारों को बताया कि पिछले सप्ताह हरिहरगंज में भारतीय स्टेट बैंक की बाजार शाखा में सेंधमारी कर बैंक की चेस्ट को काटने का प्रयास तथा बैंक में ही लगी एटीएम मशीन को काटकर 15 लाख रुपए लूट लिये थे. इस आरोप में पुलिस ने छतरपुर डीएसपी शंभु सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर अपराधियों की धर-पकड़ के लिए अभियान चलाया और बिहार के दाऊदनगर निवासी दीपक कुमार उर्फ दीपू को गिरफ्तार किया. पुलिस ने दीपक के पास से 4800 रुपए बरामद किये हैं. दीपक की निशानदेही पर राकेश कुमार को गिरफ्तार कर 6.58 लाख रुपए बरामद किये गये हैं. एसपी श्री लिंडा ने बताया कि इस कांड में फरार तीन अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापामारी कर रही है. वहीं दूसरी ओर पुलिस ने पंडवा थाना क्षेत्र के एक टेंट हाउस में सेंधमारी कर 2 लाख रुपये की चोरी का पर्दाफाश किया. वहीं हरिहरगंज से एटीएम मशीन से 15 लाख रुपए चोरी में संलिप्त सभी छह अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया. पुलिस ने इन अपराधियों के पास से 6 लाख 58 हजार रुपए नकद बरामद किया है. इसके साथ ही एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा, 20 जिंदा कारतूस, वाहन व अन्य चीजें बरामद की गयी हैं. गिरफ्तार अपराधियों में बिहार का शंकर चौधरी, रामावतार चौधरी, मनोज चौधरी, राजेन्द्र चौधरी, वीर बहादुर चौधरी और अरविंद कुमार शामिल है। प्रेस वार्ता में एसपी अजय लिंडा के साथ एसडीपीओ संदीप गुप्ता, एसडीपीओ शम्भू सिंह, हरिहरगंज थाना प्रभारी बीएन सिंह और पंडवा थाना प्रभारी मनोज तिवारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।







