
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई की है. जहां पुलिस में ब्राउन शुगर के धंधे में संलिप्त तीन तस्करों को 154 पुड़िया ब्राउन शुगर समेत नगदी के साथ गिरफ्तार किया है. सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में लगातार ब्राउन शुगर के बढ़ते कारोबार के विरुद्ध जिले के एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी करते हुए पुलिस ने थाना से सटे अलकतरा ड्राम बस्ती में ब्राउन शुगर का काला कारोबार करते तीन युवकों को धर दबोचा है. जिनके पास से पुलिस ने कुल 154 पुड़िया ब्राउन शुगर और एक लाख 45 हजार नगद रुपए बरामद किए हैं. सरायकेला एसपी कार्तिक एस के निर्देश पर एसडीपीओ राकेश रंजन द्वारा विशेष टीम गठित कर बुधवार देर शाम छापेमारी अभियान में पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करों को गिरफ्तार किया है. इनमें मुख्य रूप से स्थानीय अलकतरा ड्राम बस्ती का निवासी रमजान अंसारी उर्फ जीतू के घर से पुलिस ने नशे के खेप को बरामद किया. जहां से पुलिस ने नगद भी पकड़े. इसके अलावा आरोपी के घर पर ब्राउन शुगर खरीदारी करने पहुंचे जुगसलाई गरीब नवाज कॉलोनी के निवासी मोहम्मद इरफान और मोहम्मद शाहनवाज को भी मौके से धर दबोचा. पकड़े गए ब्राउन शुगर तस्कर कई दिनों से सरायकेला और जमशेदपुर के आसपास के क्षेत्र में नशे का कारोबार कर रहे थे. वही इस गिरोह और नशे के कारोबार की मुख्य सरगना मुस्लिम बस्ती की रहने वाली डॉली परवीन अब भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर है. मामले का खुलासा करते हुए थाना प्रभारी सुषमा कुमारी ने बताया कि मुख्य सरगना डॉली परवीन के ठिकाने का अब तक पता नहीं चला है ,लेकिन पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है. इधर इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने नशे के कारोबारियों पर एक बड़ा प्रहार किया है.







