
संतोष वर्मा
चक्रधरपुर : पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टोला जतरागुटू के पास जेनाबेरा से कोमाय जाने वाली पक्की सड़क के किनारे एक अज्ञात युवती का शव पड़ा हुआ पाया गया. यह भी चर्चा है कि युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी गई है. घटना की सूचना मिलते ही चाईबासा पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस को मामले की जांच करने का दिशा निर्देश दिया गया. शव को लेकर कई प्रकार की चर्चा हो रही है. प्राप्त सूचना के सत्यापन एवं आगे की कार्रवाई के लिए चक्रधरपुर थाना से सशस्त्र बल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. वहीं चक्रधरपुर पुलिस घटनास्थल पहुंच कर मामले की जांच मे जुट गई है. अनुसंधान के शुरुआती दौर में सर्वप्रथम घटनास्थल की बीडीयोग्राफी एवं फोटोग्राफी करते हुए मृतका की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार की गयी है. वहां उपस्थित पोकुवाबेड़ा सिलफोडी एवं आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर शव की पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है. बताया जाता है कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि युवती के सिर पर पत्थर मार कर उसकी हत्या की गयी है. दुष्कर्म होने का प्रारंभिक साक्ष्य प्रतीत नहीं हो रहा है. यद्यपि इस सबंध में पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सकों से पृक्षा की गयी. शव की पहचान के लिए पोस्टमार्टम के दौरान डीएनएृ मिलान के अवशेष सुरक्षित रखने के लिए चिकित्सक को प्रतिवेदन दिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद मृतका के शव को शीतगृह में अगले 72 घंटे के लिए सुरक्षीत रखा गया है.







