
जमशेदपुर : जमशेदपुर न्यायालय परिसर के बाहर 12 फरवरी को कोर्ट में गवाही देकर घर जा रहे सिदगोड़ा सूर्य मंदिर के पास रहने वाले सोनू कुमार महाराज को उसके बहनोई के परिजनों ने मारपीट कर घायल कर दिया था. इस मामले में सीतारामडेरा थाना में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. शुक्रवार को सोनू कुमार अपने परिवार संग जमशेदपुर के उपायुक्त कार्यालय के बाहर बहनोई प्रकाश चौहान और उसके परिजनों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए.
इधर सूचना पाकर सीतारामडेरा थाना प्रभारी अंजनी कुमार मौके पर पंहुचे और गिरफ्तारी का आश्वासन दिया. थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच काफी पहले से ही मामला चला आ रहा है. 12 फरवरी को दोनों पक्षों ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी. कार्ट परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को मंगाया गया है, फुटेज आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. ज्ञात हो कि सोनू महाराज की बहन की शादी प्रकाश चौहान के साथ साल 2016 में हुई थी. शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उस प्रताड़ित किया करते थे. इसी बात को लेकर साल 2017 में सिदगोड़ा थाना में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करवाया था.

मामला कोर्ट में चल रहा था. इसी मामले में 12 फरवरी को एडीजे-1 में गवाही थी. गवाही देकर निकलने के बाद कोर्ट के गेट के पास ही प्रकाश चौहान, उसकी दूसरी पत्नी सीमा चौहान, उसकी मां पिंकी उर्फ बबीता, प्रकाश और प्रीतम ने बैसाखी छीनकर मारपीट कर घायल कर दिया था. वैसे इस मामले को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाया गया है.







