
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना से महज सौ कदम की दूरी पर संकोसाई रोड नंबर 4 के पास एक पीली रंग की नैनो कार खड़ी कर चार-पांच युवक राहगीरों से छिनतई का प्रयास कर रहे थे। बदमाशों ने दो-तीन राहगीरों से उन्होंने छिनतई की कोशिश भी की पर सभी नाकाम रहे। आसपास के लोगों ने विरोध किया तो वे लोग कार समेत हाईवे की ओर फरार हो गए। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने भाजपा नेता दीपक सुंडी को दी। दीपक सुंडी ने हंड्रेड डायल कर पुलिस को सूचना देनी चाही पर हंड्रेड डायल में किसी तरह की मदद नहीं मिली। बाद में उन्होंने थाना प्रभारी को भी फोन किया पर उन्होंने भी फोन नहीं उठाया। दीपक ने मामले की जानकारी भाजपा नेता विकास सिंह को दी। विकास सिंह घटनास्थल पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी हासिल करने के बाद उलीडीह थानेदार को पूरी बात बताई। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है। सूचना मिली की कार को बालिगुमा की ओर जाते हुए देखा गया है। घटना देर रात 12 बजे की बताई जा रही है।





