
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना में तैनात होमगार्ड जवान रतन कुमार ने डेढ़ साल से फरार डकैत बर्मामाइंस चूना भट्टा निवासी भोकू को पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद भाेकु ने अपने पास से अस्तुरा निकाला और रतन पर वार कर घायल कर दिया। हालांकि रतन ने तब भी वह भोकू को नहीं छोड़ा। थोड़ी देर बाद पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने रतन को घायल अवस्था में ही टी एम एच अस्पताल पहुंचाया जहां रतन की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

रतन को देखने सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट, डीएसपी अनुदीप सिंह और पुलिस के आला अधिकारी टीएमएच पहुंचे। घटना की जानकारी देते हुए बर्मामाइंस थाना प्रभारी विनोद अदन विनोदानंद ने बताया कि भोकु बर्मामाइंस के एक क्वाटर में डकैती के मामले में डेढ़ साल से फरार चल रहा है। सोमवार देर रात होमगार्ड का जवान रतन ने उसे देखकर पहचान लिया और इसकी सूचना थाने में दी। जब भाेकु वहां से भागने लगा तो रतन ने उसे दौड़ाकर जेमको चौक के पास पकड़ लिया। पकड़ाने के बाद भाेकु ने अपने पास से उस्तरा निकला और रतन पर कई वार कर दिए। रतन ने फिर भी उसे नहीं छोड़ा। थोड़ी देर बाद पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन मौके पार पहुंची और रतन को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी ने बताया कि भाेकु कई मामले में फरार चल रहा है। वह एक शातिर अपराधी है। उसके इस बहादुरी के लिए जिला मुख्यालय से रिवॉर्ड की अनुशंसा की जाएगी।







