
आदित्यपुर थाना परिसर में लॉकडाउन के दौरान मजमा लगाने के मामले में नगर निगम के मेयर विनोद कुमार श्रीवास्तव, क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह सहित सत्रह रसूखदारों पर मामला दर्ज किया गया है. वैसे यह मामला सीओ गम्हरिया ने दर्ज कराया गया है. आपको बता दें कि बीते शनिवार को आदित्यपुर थाना अंतर्गत मोती नगर में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी. जिसमें महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे. जहां दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर तलवार बाजी का आरोप लगाया था. वहीं रविवार को आदित्यपुर थाना में शहर के रसूखदारों ने लॉकडाउन के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए मामले को रफा-दफा कराने का प्रयास किया था. जिसमें नगर निगम के मेयर विनोद कुमार श्रीवास्तव भी पहुंचे थे. हालांकि पुलिस ने मामले पर किसी की एक न सुनी और दोनों आरोपियों संतोष सिंह और छोटू तिवारी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. उधर अनावश्यक मजमा लगने की सूचना पर गम्हरिया अंचल के सीओ की शिकायत पर आदित्यपुर थाना में लॉकडाउन के नियमों की अवहेलना संबंधी आरोप लगाते हुए मेयर सहित कुल 17 रसूखदारों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराया गया है. जिसमें मुख्य रुप से क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह, विनोद सिंह, सुनील श्रीवास्तव, राउडी चौहान, वीरेन्द्र सिंह, मनोज तिवारी, अनिल सिंह, भगवान सिंह एवं प्रमोद सिंह व अन्य शामिल हैं.












