
जमशेदपुर : जमशेदपुर कोर्ट परिसर में तैनात एक जवान भुवनेश्वर महतो की संदेहास्पद मौत हो गयी. बताया जाता है कि वह जमशेदपुर कोर्ट परिसर में ड्यूटी पर तैनात था. वह अचानक से गिर गया. उसके गिरते ही आसपास के लोग दौड़े और उसको उठाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी जान निकल चुकी थी. सभी ने पहले तो सोचा कि गरमी के कारण उसकी यह हालत हो गयी है. कोर्ट के बगल में ही स्थित एमजीएम अस्पताल में उनको ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है की जवान ड्यूटी पर था और मौत का कारण क्या है, यह कोई भी बताने को तैयार नहीं है. घटना की सूचना पाकर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी भी कुछ बोलने को तैयार नहीं थे. वैसे यह संदिग्ध मौत माना जा रहा है. अब उनके शव का पोस्टमार्टम के पहले कोरोना वायरस का टेस्ट होगा, जिसके बाद ही उनका पोस्टमार्टम होगा और अंतिम संस्कार या परिवार को शव दिया जायेगा. वैसे पुलिस अधिकारियों का अंदरखाने यह चर्चा है कि अत्यधिक गर्मी के कारण उक्त जवान की मौत हुई है. वैसे जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आ जाता है, तब तक कुछ कहा नहीं जा सकता है. पुलिस की ओर से अब इसकी जांच की जा रही है कि और क्या कारण हो सकता है. चिकित्सकों से भी रिपोर्ट तलब की जा रही है जबकि कोरोना टेस्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.






