
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने 24 घंटों के भीतर जिले के सरायकेला थाना अंतर्गत खरकई नदी में बीते 25 मई को हुए एक युवक के हत्याकांड का खुलासा करते हुए हत्याकांड से जुड़े चार अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं पुलिस ने हत्याकांड के पीछे तांत्रिक घटना बताया. जानकारी देते हुए जिले के एसपी मोहम्मद अर्शी ने बताया कि एक ऐसे हत्याकांड जिसका कोई साक्ष्य नहीं होने के बावजूद सरायकेला एसडीपीओ एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने बेहद ही प्रोफेशनल तरीके से अनुसंधान करते हुए हत्याकांड का खुलासा ही नहीं किया बल्कि हत्यारों को हत्या में प्रयुक्त हथियार और जिस तंत्र सिद्धि यंत्र को पाने की नीयत से हत्या की गई थी, उसे भी बरामद कर लिया.

एसपी अर्शी ने बताया कि हनुमान सिक्का के लिए आदित्यपुर निवासी बागुन सोय की हत्या उसके साथियों ने कर दी थी, जिसका नाम दीपक लोहार, लक्ष्मण लोहार, देव प्रकाश रावत और गणेश लोहार है. एसपी ने बताया कि सभी तांत्रिक सिद्धि के लिए खरकई नदी में जुटे थे, जहां सबों ने सिक्का हासिल करने की नीयत से बागुन सोय की हत्या कर दी थी. वहीं पुलिस ने अपराधियों के पास से एक मोबाइल, एक मोटरसायकल, एक मृतक का मोटरसाइकिल और दो हनुमान सिक्का बरामद किया है. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को सम्मानित किए जाने की घोषणा की.














