
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका धालभूमगढ़ पुलिस ने सबर युवक की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तर कर लिया है. पुलिस ने 36 घंटे में ही हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. 6 जुलाई 2020 को धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के डांगोडीह इलाके में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश बरामद की गयी थी. उसकी हत्या कर डांगोडीह इलाके में फेंक दिया गया था. बाद में उक्त युवक की पहचान डांगोडीह इलाके के रहने वाले सुनील सबर के रुप में ही हुई थी. धारदार हथियार से उसकी हत्या की गयी थी. इस मामले को लेकर जमशेदपुर एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने एक टीम का गठन किया ताकि इस मामले का उदभेदन हो सके. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और सुनील सबर की हत्या में शामिल जोगेश्वर मुर्मू उर्फ जोले को गिरफ्तार कर लिया.
इस मामले का उदभेदन करने के लिए इंस्पेक्टर राजुकमार मेहता और धालभूमगढ़ थाना प्रभारी एसके तिवारी समेत अन्य लोगों को टीम में शामिल किया गया था. गिरफ्तारी के बाद की गयी सघन पूछताछ के बाद उसने अपनी संलिप्तता स्वीकारी और बताया कि उसने पुरानी रंजिश के कारण उसकी हत्या उसने ही कर दी थी और पुलिस के डर से भाग गया था. जोगेश्वर मुर्मू की खून लगा शर्ट भी पुलिस ने बरामद कर लिया है और अब उसको जेल भेजा जा रहा है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इस कांड में और कोई तो शामिल नहीं था.





