
जमशेदपुर : पति से प्रताड़ित होकर महिला को न्याय की गुहार लगाते आपने सुना होगा, लेकिन जमशेदपुर में एक पति ने ही अपनी पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जिले के एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है. जमशेदपुर के पटमदा थाना क्षेत्र के बोड़ाम प्रखंड के भुला गांव का रहने वाला परेश मुखर्जी अपनी पत्नी से इतना प्रताड़ित है, कि अपने 3 बच्चों को लेकर न्याय की गुहार लगाने जमशेदपुर एसएससी कार्यालय पहुंचा. परेश मुखर्जी ने अपनी पत्नी विनीता सिंह मुखर्जी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर मारपीट करने सहित जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. परेश ने बताया कि उसकी पत्नी विनीता पलामू की रहने वाली है. 15 वर्ष पूर्व परिवार वालो के खिलाफ प्रेम विवाह की थी. परिवार में दो पुत्री और एक पुत्र है. उसने बताया कि पूरा परिवार काफी खुशहाली के साथ जीवन व्यतीत कर रहे थे. इसी बीच पांच साल पूर्व परेश ने अपनी सारी सम्पति पत्नी के नाम कर दी. जिसके बाद से विनीता जीवन सिंह नामक प्रेमी के साथ मिलकर परेश को प्रताड़ित करने लगी. परेश ने बताया इस दौरान अक्सर उसके साथ मारपीट की जाने लगी. पिछले वर्ष दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाकर उसे जेल भी भेज दिया गया. जेल से रिहा होकर घर आने के बाद जान से मारने की धमकी दी जाने लगी. वहीं परेश पत्नी के इस प्रताड़ना से तंग आ कर अपने तीनो बच्चो के साथ एसएसपी से मुलाकात कर पत्नी के प्रताड़ना से मुक्ति दिलाने की गुहार लगायी.


















