
जमशेदपुर : मुस्लिम समुदाय के पैगम्बर मोहम्मद के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने की आरोपी महिला पुतुल सिंह ने रविवार की शाम डीएसपी के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. पुतुल सिंह के खिलाफ जमशेदपुर कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट और कुर्की वारंट दोनों जारी हो गया था. अगर रविवार तक पुतुल सिंह गिरफ्तार नहीं होती या सरेंडर नहीं करती तो उसके घर की कुर्की जब्ती की जाती. इसको लेकर पुलिस लगातार गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी. काफी जद्दोजहद के बाद अंततः उसने आत्मसमर्पण पुलिस के समक्ष कर दिया. पुतुल सिंह परसुडीह की रहने वाली है. उसके खिलाफ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बिष्टुपुर स्थित साइबर थाने में आपत्तिजनक पोस्ट करने को लेकर एफआइआर दर्ज किया था, जिसके आधार पर पुलिस उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी. पुलिस की ओर से बनाए गए दबाव के बाद तो पूतुल सिंह ने रविवार को आखिरकार आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस मामले में कोर्ट ने भी कोई राहत पुतुल सिंह को नहीं दी थी, जिसके बाद उसके समक्ष आत्मसमर्पण करने या गिरफ्तारी के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था. अगर वह आत्मसमर्पण नहीं करती तो पुलिस सोमवार को कुर्की जब्ती जरूर कर लेती.
















