
चाईबासा : पति के परदेस जाते ही बहू ने अपने प्रेमी और मामा के साथ मिल कर सास की हत्या करने की योजना बना डाली। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दाउबेड़ा गांव के करियासाई टोला में रहने वाली सूर्यमुनी मुण्डा की बहू जोरोना मुण्डा ने अपने प्रेमी वीर सिंह केराई और मामा नरेश कायम के साथ मिल कर पहले गला दबा कर सास की हत्या कर दी फिर लाश को अपने ही बाड़ी में फांसी के फंदे पर लटका दिया था। घटना पिछले 28 दिसंबर की रात की है। इस सबंध में जगन्नाथपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक अज्ञात वृद्ध महिला की लाश फांसी के फंदे पर लटकी हुई है। सूचना पाकर जगन्नाथपुर थाना प्रभारी देवसाय भगत घटनास्थल पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बाद में पुलिस मामले की जांच में जुट गई। इधर जांच के क्रम में ग्रामीणों से पूछताछ करने पर प्रपुअनि पवन कुमार को हत्यारों तक पहुंचने का सुराग मिल गया। इसके बाद थाना प्रभारी देवसाय भगत के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया, जिसमें प्रपुअनि पवन कुमार, सअनि उमेश प्रसाद, नंदकिशोर सिंह व राजकुमार व अन्य शामिल थे। प्रपुअनि पवन कुमार ग्रामीणों की सूचना के अनुसार मृतका के बहू और प्रेमी तथा मामा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। बाद में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार ली।






