
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका जादूगोड़ा थाना अंतर्गत रोआम के पास सड़क दुर्घटना में मृत समीर सुंडी के परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया. समीर के शव को यूसीआईएल अस्पताल के शव गृह में रखा गया है. परिजनों का कहना है कि जब तक मुआवजे की घोषणा नहीं हो जाती तब तक वे लोग शव नहीं लेंगे. इधर अभी तक वाहन मालिक भी थाना नहीं आए है जिस कारण मुआवजे पर वार्तालाप नहीं हो पाई है. शव को अस्पताल के शव गृह में ही रखा गया है. संभवत: मंगलवार को मुआवजे के लिए बात होने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा. परिजनों ने 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है. साथ ही कहा है कि घायलों के इलाज का खर्च भी वाहन मालिक ही वहन करे. बता दे कि रविवार की शाम जादुगोड़ा मुसाबनी मार्ग पर रोआम के पास टाटा मैजीक और बाइक में सीधी टक्कर हो गई थी. घटना में बाइक चालक समीर सुंडी की मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि समीर से दो साथी गंभीर रुप से घायल हो गए थे.
















