
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत एनएच 33 स्थित वसुंधरा इस्टेट निवासी भाजपा नेता कृष्णा शर्मा उर्फ काली शर्मा की लग्जरी कार मर्सेडीज और एक जीप में देर रात आग लग गई. इसकी जानकारी उन्हे सुबह तब हुई जब वे पार्किंग से कार निकालने पहुंचे. उन्होंने पाया कि कार पूरी तरह से जल चुकी थी. इस घटना से आसपास की आधा दर्जन से ज्यादा कारों को भी नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा कपड़ा आयरन करने वाले धोबी की झोपड़ी भी जल गई जिसमें कीमती कपड़े रखे हुए थे. इसकी जानकारी उन्होंने तत्काल उलीडीह पुलिस को दी. (नीचे पूरी खबर देखे)

सूचना पाकर उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. जानकारी देते हुए कृष्णा शर्मा ने बताया कि उनके फ्लैट के पीछे की ओर पार्किंग की व्यवस्था है. सुबह जब वे कार के पास पहुंचे तो देखा की कार जली हुई थी. उन्होंने गार्ड से मामले की जानकारी लेनी चाही पर गार्ड को भी इसकी जानकारी नहीं हुई. कृष्णा के अनुसार कार में आग खुद से नही लगी है बल्कि कार में आग लगाई गई है. यह एक अपराधिक साजिश है. इस घटना को साजिश के तहत अंजाम दिया गया है जिसमे गार्ड को भी शामिल किया गया है. वहीं अचानक मौके पर लगा सीसीटीवी भी खराब बताया जा रहा है. इस घटना से उन्हें लाखों का नुकसान हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.














