
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा पुलिस ने शहर में जुआ का संचालन करने वाले राकेश कोहली को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है. राकेश को पुलिस ने गुरुवार रात उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह स्वर्णरेखा बर्निंग घाट में अपने साथियों के साथ अड्डेबाजी कर रहा था. पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले गई. सीतारामडेरा पुलिस ने बीते दिनों ही बस स्टैंड के पास जुआ अड्डे में छापेमारी की थी जिसके बाद राकेश कोहली का नाम सामने आया था. राकेश कोहली पूरे शहर में जुआ और मटका अड्डा का संचालन करता है. राकेश के बारे में बताया जाता है कि वह पूर्व में पुलिस के लिए मुखबीर का काम करता था. धीरे धीरे वह पूरे शहर भर में खुद को पुलिस का आदमी बताकर बड़े बड़े कारोबारियों को ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने लगा. इस तरह से उसने करोड़ों की संपत्ति भी अर्जित की थी. इसके बाद उसने जुआ अड्डा का संचालन शुरू किया. बीते दिनों ही बिष्टुपुर में एक मटका अड्डा संचालन करने वाले से रंगदारी वसूलने गए था जिसके बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था. फिलहाल पुलिस उसे जेल भेजने की तैयारी कर रही है.














