
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर मॉल स्थित पैंटलून स्टोर के स्टोर मैनेजर विश्वजीत बैनर्जी पर 14 लाख की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है. इस मामले में स्टोर के अनिल कुमार की शिकायतवाद के बाद बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज कराया गया है. विश्वजीत के अलावा कलेक्शन एजेंट प्रवीण कुमार पर भी आरोप लगाया गया है. मामले में बिष्टुपुर थाना प्रभारी विष्णु राउत ने बताया कि न्यायलय के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है. शिकायत के अनुसार एक अक्टूबर से 16 दिसंबर के बीच विश्वजीत ने स्टोर का लगभग 8.90 लाख रुपए का गबन किया है. इसमें उसका साथ कलेक्शन एजेंट प्रवीण ने दिया है. इसके अलावा थोड़ा थोड़ा कर कुल 14 लाख की भी धोखाधड़ी की गई है. शिकायत के अनुसार कलेक्शन कंपनी ने उनका करार काफी पहले खत्म हो चुका है बावजूद इसके विश्वजीत ने कलेक्शन एजेंट प्रवीण को रुपए दिए. इसकी जानकारी होने पर विश्वजीत को काम से निकालने के बाद न्यायलय में मामला दर्ज कराया है. शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है.





